शिक्षा निदेशालय में हंगामे के बाद एक्शन मोड में सरकार, दफ्तरों में बनेगी सख्त SOP…

CM Dhami Orders Strict Safety SOP For Govt Offices : राज्य के सरकारी दफ्तरों और कार्यस्थलों में अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर सरकार ने सख्ती दिखाई है। हाल फिलहाल में हुई घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक स्पष्ट और प्रभावी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार  करने के निर्देश दिए हैं।

आपको बता दें, देहरादून में 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में कुछ बाहरी लोगों ने कथित रूप से प्रशासनिक कार्रवाई से नाराज़ होकर निदेशालय परिसर में कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की। जिसके बाद कर्मचारी संगठनों में आक्रोश देखा गया और सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठाई गई।

सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित अन्य मामलों पर चिंता जताई। साथ ही उन्होंने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी।

जिसके बाद मुख्यमंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह गंभीर है। जिसके बाद उन्होंने मुख्य सचिव को जल्द से जल्द एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही डीजीपी को सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और किसी भी प्रकार की घटना पर तुरंत कानूनी कार्रवाई करने को कहा।

इसके अलावा, देहरादून के एसएसपी को शिक्षा निदेशालय प्रकरण में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Srishti
Srishti