Devotion Fills Dehradun Ahead Of Chhath : देहरादून में छठ महापर्व की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शनिवार को नहाय खाय के साथ इस चार दिवसीय आस्था पर्व की शुरुआत होगी। इसके साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत भी आरंभ हो जाएगा।
आपको बता दें, छठ के अवसर पर शुक्रवार को पूरे दिन बाजारों में छठ पूजा के सामान की खरीदारी को लेकर जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। झंडा बाजार, निरंजनपुर, सहारनपुर चौक सहित शहर के अन्य इलाकों में छठ पूजा से जुड़ी बांस की टोकरियों, सूप और प्रसाद सामग्री की खरीदारी की गई। वहीं, चंद्रबनी, रायपुर, टपकेश्वर, मालदेवता और प्रेमनगर समेत दून के 23 से अधिक घाटों पर सजावट और साफ-सफाई का कार्य जोरों पर है।
नहाय खाय की परंपरा
बता दें, छठ पूजा का आरंभ नहाय खाय से होता है। इस दिन व्रती स्नान कर शुद्ध भोजन ग्रहण करते हैं और पूजा की तैयारियां शुरू करते हैं। प्रसाद बनाने के लिए अलग बर्तन और चूल्हे का प्रयोग किया जाता है। साथ ही घर में लहसुन-प्याज का सेवन वर्जित रहता है। नहाय खाय के साथ ही व्रती निर्जला उपवास की तैयारी में जुट जाते हैं।
अवकाश की मांग
छठ पर्व पर सार्वजनिक अवकाश की मांग को लेकर बिहारी महासभा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है। महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह और सचिव चंदन झा ने कहा कि कई राज्यों में इस पर्व पर अवकाश घोषित किया जाता है, इसलिए उत्तराखंड में भी 27 और 28 अक्तूबर को अवकाश घोषित किया जाना चाहिए।
छठ पूजा का कैलेंडर
25 अक्तूबर – नहाय खाय
26 अक्तूबर – खरना
27 अक्तूबर – संध्या अर्घ्य
28 अक्तूबर – ऊषा अर्घ्य
