बागेश्वर के वरिष्ठ अधिवक्ता धीरेंद्र का 17 दिन बाद गोमती नदी किनारे मिला शव; आज पुलिस करेगी खुलासा…

Dhirendra was found on the banks of the Gomti River after 17 days: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पिछले 17 दिनों से लापता चल रहे वरिष्ठ अधिवक्ता एवं नगर पालिका के पूर्व सभासद धीरेंद्र परिहार का शव मंगलवार शाम गोमती नदी के किनारे एक गहरी खाई से बरामद किया गया। शव शहर से करीब चार किलोमीटर दूर नदीगांव रोड स्थित थुणाई क्षेत्र में झाड़ियों के बीच मिला। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों ने शव की पहचान धीरेंद्र परिहार के रूप में की है।

जानकारी के अनुसार, धीरेंद्र परिहार 17 अक्टूबर की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस से शिकायत की। मामले में सुराग नहीं मिलने से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी थी। दो नवंबर को लोगों ने एसबीआई तिराहे पर चक्काजाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था। अधिवक्ताओं ने भी कार्य बहिष्कार कर जल्द से जल्द धीरेंद्र का पता लगाने और मामले का खुलासा करने की मांग उठाई थी।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सर्विलांस, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें एक महिला भी शामिल बताई जा रही है। पूछताछ के बाद पुलिस संदिग्धों की निशानदेही पर शव तक पहुंची। जांच में कुछ सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त करने और जलाने का मामला भी सामने आया है। हालांकि, हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

धीरेंद्र परिहार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनकी मां, पिता, भाई और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। धीरेंद्र परिहार वर्ष 2019 में बागनाथ वार्ड से सभासद चुने गए थे। वह जिला बार एसोसिएशन में पुस्तकालय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। उनके शव मिलने के बाद अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में गहरा दुख और आक्रोश है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, बुधवार को मामले का खुलासा किया जाएगा। अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आधिकारिक खुलासे पर टिकी हैं।

पढ़े –https://theindiainsights.com/resort-owner-missing-from-rishikesh/

Aarti Rawat
Aarti Rawat