Mussoorie : पर्यटक और स्थानीय दंपति के बीच विवाद, प्लास्टिक के क्रेट से महिला पर किया हमला..

Dispute in Mussoorie : मसूरी के माल रोड क्षेत्र में बीते देर रात एक पर्यटक द्वारा स्थानीय महिला और उसके पति पर प्लास्टिक के क्रेट से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जिसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है, लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी उपद्रवी पर्यटकों पर सख्ती नहीं की गई तो मसूरी की शांत और सुरक्षित पहचान पर गंभीर असर पड़ेगा।

पर्यटक ने महिला के सिर पर प्लास्टिक के क्रेट से किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीते देर रात किसी बात को लेकर हरियाणा से आए एक पर्यटक और स्थानीय दंपति के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटक ने सामने की दुकान से प्लास्टिक का क्रेट उठाकर हमला कर दिया। क्रेट का जोरदार वार महिला के सिर पर लगा, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।

वहीं उसके पति पर भी कई बार वार किया गया आरोपी ने बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही थाना मसूरी से चीता मोबाइल एंव रात्रि अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कुछ लोग आपस में मारपीट और विवाद कर रहे थे। घटना के कारण आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गिरफ्तार व्यक्ति का नियमानुसार चिकित्सीय परीक्षण कराया गया

मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि उपद्रव करने वालों में शामिल नीरज राघव (36 वर्ष) पुत्र रामनाथ सिंह, निवासी बड़ा गांव सिकंदरपुर, तहसील मानेसर, सेक्टर-86, गुरुग्राम (हरियाणा) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार व्यक्ति का नियमानुसार चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद लोक व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गुकदता दर्ज किया गया।

पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को संबंधित कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के वाहन की जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पाए जाने पर उसकी कार का भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया।

Srishti
Srishti