भूकंप से दहला अफगानिस्तान, 600 से ज्यादा की मौत, हजारों घायल…

Earthquake In Afghanistan : अफगानिस्तान में रविवार देर रात आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई। रिक्टर पैमाने पर 6.0 तीव्रता वाला यह झटका कुनार और नंगरहार प्रांत में महसूस किया गया। अब तक 622 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2000 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जलालाबाद से करीब 27 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में 8 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप के झटकों से कुनार प्रांत के नूर गल, सावकी, वातपुर, मनोगी और चापा दारा जिलों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या केवल 9 बताई गई थी, जो कुछ ही घंटों में 20 हुई और अब यह आंकड़ा बढ़कर 622 से ज्यादा पहुंच गया है। वहीं 2000 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार भूकंप के बाद कई घर जमींदोज हो गए और भूस्खलन की वजह से कई लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और अभी भी राहत बचाव कार्य जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि नंगरहार और कुनार प्रांत हिंदूकुश क्षेत्र में आते हैं, जो भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट्स के जंक्शन पर स्थित है। जिस वजह से यह इलाका भूकंप को लेकर बहुत संवेदनशील माना जाता है।

Aarti Rawat
Aarti Rawat