चमोली में सैलाब का कहर, पुल और गाड़ी बही; BRO कर्मी लापता l

तमक नाले में उफान से मची तबाही, वैली ब्रिज बहने से मलारी के आगे रास्ता बंद, चीन सीमा तक आवाजाही प्रभावित, BRO कर्मी लापता l

Flood wreaks havoc in Chamoli: भारत-चीन सीमा से सटी नीती घाटी में मंगलवार शाम अचानक आए तेज जलसैलाब ने भारी तबाही मचा दी। ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले का वैली ब्रिज तेज पानी के बहाव में बह गया। इस घटना के बाद मलारी और आगे के सीमांत क्षेत्रों की आवाजाही बाधित हो गई है।

जानकारी के अनुसार, तमक नाले में अचानक पानी बढ़ने से 123 बीआरटीएफ सुराईथोटा की ओर से बनाया गया वैली ब्रिज बह गया। तेज बहाव की चपेट में कई वाहन भी आए। वहीं, एक BRO कर्मी के बहने की सूचना है। लापता कर्मी की पहचान नायक पंकज कुमार के रूप में बताई जा रही है। उनकी तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया है।

घटना के बाद प्रशासन, पुलिस, SDRF और NDRF की टीमें मौके के लिए रवाना की गई हैं। भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सुबह व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जाएगा।

वैली ब्रिज बहने से नीती घाटी का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य तेज करने और प्रभावित इलाकों में जरूरी सामान की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से चमोली समेत संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें…https://theindiainsights.com/dharali-alike-disaster-awaits-in-uttarakhand/

Srishti
Srishti