चमोली में लकड़ी के मकान में लगी आग, क्षेत्र में मची अफ़रा-तफरी..

Fire breaks out in a wooden house : चमोली जिले के थराली के मुख्य बाजार के पास गुरुवार सुबह 11 बजे एक पुरानी लकड़ी के मकान में अचानक भीषण आग लग गई। अचानक आग लगने से क्षेत्र में आफरा-तफरी मच गई। वहीं सूचना प्राप्त होने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गई।

करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया गया

ग्रामीणों के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने घर से आग की लपटे उठती देखी। इसके बाद आग लगने की घटना पूरे इलाके में तेजी से फैल गई। इस बीच ग्रामीणों ने थराली पुलिस को घटना की सूचना दी, मौके पर पहुंची पुलिस के जवानों ने मैन्युअल आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग के भयानक रूप के कारण सारे प्रयास विफल रहे। इसके कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत से करीब डेढ़ घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।

पूरी तरह लकड़ी का बना हुआ था मकान

ग्रामीणों के मुताबिक मकान में एक महिला रहती है, जो दिहाड़ी मजदूरी का काम करती है। घटना के समय महिला मजदूरी के लिए बाहर गई हुई थी। आग लगने के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान पूरी तरह लकड़ी का बना हुआ था, जिस कारण आग तेजी से फैल गई। वहीं यह भी जानकारी सामने आ रही है कि मकान के भीतर एक गैस सिलेंडर रखा हुआ है। हालांकि सिलेंडर खाली था या उसमें एलपीजी गैस भरी हुई थी, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। ऐसे में पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर लोगों को दूर रहने की अपील की है। लेकिन आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

Srishti
Srishti