Government Issued New SOP For LPG Supply : उत्तराखंड में हो रही व्यावसायिक LPG सिलिंडरों की कमी को देखते हुए सरकार ने आपूर्ति बढ़ाने का निर्णय लिया है। जिसके चलते अब रोजाना 2650 की जगह 5300 सिलिंडरों का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही वितरण प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए SOP भी लागू की गई है।
आपको बता दें, नई SOP के तहत अलग-अलग क्षेत्रों के लिए कोटा तय किया गया है। होम स्टे और स्वयं सहायता समूहों को प्रतिदिन 260 सिलिंडर दिए जाएंगे। वहीं, पेइंग गेस्ट आवास और औद्योगिक कैंटिनों के लिए 300-300 सिलिंडर निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा डेयरी और फूड प्रोसेसिंग इकाइयों को 260, सरकारी गेस्ट हाउसों को 300, रेस्टोरेंट व ढाबों को 2000, होटल व रिजॉर्ट को 1500 और फार्मास्युटिकल क्षेत्र को 380 सिलिंडर प्रतिदिन मिलेंगे।
बता दें, राज्य के खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राज्य में पहले निर्धारित 20% कोटे को बढ़ाकर 40% कर दिया गया है। यह आवंटन राज्य में कार्यरत तीन प्रमुख तेल कंपनियों IOCL, BPCL और HPCL द्वारा किया जाएगा। कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित जिलाधिकारियों को नियमित जानकारी दें।
राज्य सरकार और केंद्र सरकार के द्वारा वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक के बाद व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों का कोटा 10% बढ़ाने का आश्वासन दिया गया है यह आश्वासन उत्तराखंड में पाइपलाइन के माध्यम से आने वाली गैस को लेकर और काम किए जाने की शर्त पर बढ़ाया गया है वर्चुअल बैठक के बाद मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने सभी जिला अधिकारियों को एलपीजी सिलिंडरों के कोटा बढ़त और पाइपलाइन माध्यम से गैस को लेकर काम में तेजी को लेकर निर्देश दिए गए हैं।
विभाग का मानना है कि लोगों द्वारा घरेलू गैस की पैनिक बुकिंग और सिलिंडर जमा करने की वजह से व्यावसायिक सिलिंडरों की कमी बनी हुई है। लेकिन नई व्यवस्था से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
