हल्द्वानी मेयर का कांग्रेस पूर्व विधायक पर तीखा तंज, स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर घेरा

Haldwani Mayor’s sharp jibe on former Congress MLA: सोमवार को हल्द्वानी नगर निगम के मेयर गजराज सिंह बिष्ट रामनगर पहुंचे, जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता हरीश चंद्र सती के आवास पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर विपक्ष जनता में भ्रम फैला रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ये स्मार्ट मीटर केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी लगाए जा रहे हैं, लेकिन कहीं और ऐसा विरोध नहीं हो रहा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि तकनीकी कमियों के कारण कुछ शिकायतें जरूर आई थीं, जिन्हें अधिकारियों ने दूर कर दिया है। इन मीटरों से उपभोक्ताओं को भविष्य में सुविधा मिलेगी।

मेयर बिष्ट ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसीलिए वे जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश हित में कई बड़े और प्रभावी निर्णय लिए हैं, जिससे प्रदेश का समग्र विकास हो रहा है, लेकिन कांग्रेस इन उपलब्धियों को स्वीकार नहीं कर पा रही है।

उन्होंने किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ और रामनगर के पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत पर अराजकता फैलाने और गुंडागर्दी करने का आरोप भी लगाया। साथ ही कहा कि भाजपा का मकसद किसी को जेल भेजना नहीं बल्कि जनहित में काम करना है, और अगर कोई जेल भेजेगा तो वह जनता खुद होगी।

शराब की नई दुकानों को लेकर हो रहे विरोध पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रदेश की आय बढ़ाने के लिए लिए जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर जनता किसी स्थान पर विरोध करती है, तो सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लेगी। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि आज विपक्ष केवल ओछी राजनीति कर रहा है और जनता को बहकाने की कोशिश में लगा है, लेकिन उत्तराखंड की जनता अब समझदार हो चुकी है और समय-समय पर कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब देती रही है और आगे भी देती रहेगी।

Rupa Rani
Rupa Rani

Rupa Kumari is a young journalist with 5 years of experience in digital media in Uttarakhand. Currently, she is associated with TII, where she covers Uttarakhand politics as well as lifestyle, sports, and national and international news.