Health Facility Update In Rural Areas : उत्तराखंड सरकार ने पहाड़ी और दूरदराज़ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। अब राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों को हेलिकॉप्टर के जरिए भेजा जाएगा, ताकि गंभीर मरीजों का इलाज वहीं किया जा सके।
आपको बता दें, रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्तमान में सुदूर क्षेत्रों से मरीजों को बड़े शहरों में रेफर करना पड़ता है। जिससे मरीजों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सरकार का लक्ष्य है कि सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर सीधे इन इलाकों में जाकर जांच और उपचार करें, जिससे मरीजों को बाहर न जाना पड़े।
वहीं, आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों में सभी जरूरी दवाएं और उपकरण उपलब्ध होने चाहिए, साथ ही डॉक्टरों की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा, मंत्री ने डॉक्टरों को मरीजों के प्रति अपने व्यवहार में सुधार लाने की सलाह दी। साथ ही अधिकारियों को पिथौरागढ़ और रुद्रपुर में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेजों को इसी वर्ष शुरू करने के लक्ष्य पर तेजी से काम करने और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए।
