IMA Dehradun’s 157th POP : देहरादून में शनिवार को IMA की 157वीं पासिंग परेड आयोजित की गई। इस मौके पर 525 कैडेट्स भारतीय सेना में शामिल हुए।
आपको बता दें, देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी में शनिवार को 525 कैडेट्स ने अपना प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल होने की शपथ ली। साथ ही इस वर्ष 14 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेट्स भी पास आउट हुए।
परेड की सलामी थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने ली। उन्होंने नए अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि सेना में कमीशन मिलना गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।उन्होंने कैडेट्स से ईमानदारी, समर्पण और नेतृत्व के मूल्यों को अपनाते हुए देश सेवा करने का आह्वान किया।
इस परेड में रेगुलर, टेक्निकल, टेक्निकल ग्रेजुएट, स्पेशल कमीशन और टेरिटोरियल आर्मी कोर्स के कैडेट्स शामिल रहे। कार्यक्रम में कैडेट्स के परिवारजन, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
सम्मानित हुए कैडेट्स
परेड के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार दिए गए। आपको बता दे कि स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और स्वर्ण पदक एसीए निश्कल द्विवेदी को दिया गया। जबकि रजत पदक बीयूओ बादल यादव और कांस्य पदक एसयूओ कमलजीत सिंह को मिला। वहीं, टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स में प्रथम स्थान के लिए ऑफिसर कैडेट जाधव सुजीत संपत और टेक्निकल एंट्री स्कीम–46 में प्रथम स्थान के लिए डब्ल्यूसीसी अभिनव मेहरोत्रा को रजत पदक प्रदान किया गया। स्पेशल कमीशन ऑफिसर कोर्स का रजत पदक ऑफिसर कैडेट सुनील कुमार छेत्री को मिला। विदेशी कैडेट्स में मेरिट में प्रथम स्थान का पदक बांग्लादेश के जेयूओ मोहम्मद सफ़ीन अशरफ को दिया गया। ऑटम टर्म 2025 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए इम्फाल कंपनी को थल सेना प्रमुख बैनर प्रदान किया गया। परेड का समापन परंपरागत ‘अंतिम पग’ के साथ हुआ, जिसने सभी को भावुक कर दिया।
