IMD Alert : अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली को लेकर भी चेतावनी; सतर्क रहें l
IMD Alert, heavy rain alert for several states: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पहाड़ी राज्यों से लेकर मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत तक बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर भारत में बारिश का जोर
दिल्ली-एनसीआर समेत पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड के देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान में 11 और 12 अगस्त को तेज बारिश हो सकती है।
मध्य भारत में भारी बारिश से बढ़ी परेशानी
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में पहले से ही जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मंडला और डिंडोरी में नदियां-नाले उफान पर हैं, जबकि कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी अलर्ट
बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा के कुछ इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी तेज बारिश हो सकती है।
पश्चिम और दक्षिण भारत में भी बारिश
कोंकण-गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और तेलंगाना समेत कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
इन मौसमी सिस्टम की वजह से बारिश
IMD के मुताबिक, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के आसपास बना निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण बारिश को सक्रिय बनाए हुए है। इसके अलावा मानसून ट्रफ भी प्रभावी है। आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में एक और मौसमी सिस्टम बनने की संभावना है, जिससे कई क्षेत्रों में बारिश और बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें…https://theindiainsights.com/in-uttarkashi-rain-increased-rural-areas-problems/
