योग नगरी ऋषिकेश में महायोग महोत्सव, 20,000 से अधिक साधकों की उम्मीद…

International Yoga Festival In Rishikesh: उत्तराखंड ऋषिकेश में 1 से 7 मार्च तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। यह आयोजन गंगा रिज़ॉर्ट, ऋषिकेश में पर्यटन विभाग और गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) द्वारा किया जाएगा।

जाने-माने योग गुरु

आपको बता दें, इस योग महोत्सव में कई जाने-माने योग गुरु और आध्यात्मिक मार्गदर्शक शामिल होंगे, जैसे स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी आत्मस्वरूप, जया किशोरी और अक्षत गुप्ता।

GMVN के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा के मुताबिक, इस साल 20,000 से ज्यादा लोग इस महोत्सव में भाग लेंगे। पिछले साल 42 देशों के 890 विदेशी योग प्रेमियों ने इसमें हिस्सा लिया था, और इस बार यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

योग महोत्सव में हर दिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें इंडियन ओशियन, प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान, नरेंद्र सिंह नेगी और उत्तराखंडी लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

योग विशेषज्ञों के सत्र

योग महोत्सव में कई जाने-माने योग गुरु और विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। ग्रैंड मास्टर अक्षर, योगी अभिषेक सोती और योगिनी उषा माता योग और ध्यान के फायदे बताएंगे। डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी और डॉ. अर्पिता नेगी योग और आयुर्वेद के स्वास्थ्य लाभ समझाएंगे। वहीं, योगिनी उर्मिला पांडेय और मेघा चौधरी मानसिक शांति और आत्म-जागरूकता के लिए योग के आसान तरीके सिखाएंगी।

ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा

योग महोत्सव में भाग लेने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से पंजीकरण किया जा सकता है। इच्छुक प्रतिभागी gmvnonline.com पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

इस वर्ष योग महोत्सव को ‘ग्रीन थीम’ पर आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव से पहले और बाद में आयोजन स्थल और गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।

Srishti
Srishti