Landslide In Devprayag : उत्तराखंड के देवप्रयाग से अचानक भूस्खलन की खबर सामने आ रही है। घटना से मौके पर आस पास अफरा तफरी मच गई। हादसा इतना भीषण था कि तीन मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया है।
हादसे में व्यक्ति घायल
आपको बता दें, सोमवार को देवप्रयाग के बहा बाजार क्षेत्र में को नृसिंहगाचल पर्वत से अचानक भूस्खलन हो गया। पहाड़ का एक हिस्सा दरकते ही कई टन वजनी बोल्डर तेज़ी से नीचे गिरे, जिससे तीन मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूस्खलन के दौरान विपिन चंद्र मिश्रा, भगवती प्रसाद मिश्रा और पनीलाल के मकान भारी बोल्डरों की चपेट में आ गए। दुर्भाग्यवश, एक व्यक्ति उस समय अपने घर के भीतर मौजूद थे जिससे वे घायल हो गए। घायल की पहचान पनीलाल के रूप में हुई है। जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। बोल्डरों की चपेट में दो मोटरसाइकिलें और एक पिकअप वाहन भी आ गए। इसके साथ ही, बिजली के कई खंभे टूटने से इलाके में विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई है। इस घटना से क्षेत्रवासियों में दहशत फैल गई है।

