Leopard Terror In Rudraprayag : रुद्रप्रयाग से एक गुलदार के हमले की खबर सामने आ रही है। जहां एक गुलदार ने घर के आंगन से बच्चे को उठा लिया और जंगल में ले गया। घटना के बाद क्षेत्र के बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
आपको बता दें, मिली जानकारी के अनुसार सिंद्रवाणी क्षेत्र में गुलदार ने मां के साथ मौजूद 5 साल के बच्चे पर हमला कर उसे घर के आंगन से उठा लिया। घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई है। बच्चे की तलाश के लिए ग्रामीण लगातार जंगलों में खोजबीन कर रहे हैं।
2 दिन स्कूल बंद
गुलदार के हमले के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 4 और 5 फरवरी को क्षेत्र के आठ स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। साथ ही इन स्कूलों के आसपास संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी दो दिनों तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की ओर से चमसील, सारी, सिंद्रवाणी, झालीमठ, छिनका और हिलोरीधार के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका तथा जनता हाई स्कूल ककोड़ाखाल को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार हालात सामान्य होने तक सतर्कता बरती जा रही है।
ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावी और तुरंत कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल ग्रामीणों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोग प्रशासन से ठोस मदद की उम्मीद कर रहे हैं।
