Liquor Ban Imposed in Saikot : दशोली विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत सैकोट में महिला मंगल दल और मातृशक्ति की पहल पर ग्राम सभा में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया। जिसमें इस प्रस्ताव के तहत गांव में किसी भी प्रकार के शुभ कार्य और समारोह में शराब के पूर्ण प्रतिबंध का निर्णय लिया गया है।
आपको बता दें, ग्राम सभा की बैठक में तय किया गया कि शादी-विवाह, चूड़ाकर्म संस्कार, अन्नप्राशन, सगाई, पितृ कार्य सहित किसी भी पारिवारिक या सार्वजनिक कार्यक्रम में शराब परोसने या सेवन करने पर संबंधित परिवार से 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही गांव में शराब पीकर माहौल खराब करने पर भी इतनी ही राशि का दंड लिया जाएगा।
साथ ही, महिला मंगल दल ने कहा कि यह कदम गांव के हित और आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है। उन्होंने यह भी निर्णय लिया कि समय-समय पर गांव में शराब के खिलाफ जागरूकता रैली आयोजित की जाएगी।
बता दें, बैठक के बाद महिला मंगल दल द्वारा टेंटुणा, सैकोट से होते हुए आमखेत, मालधार तक जागरूकता रैली निकाली गई और ग्रामीणों को नशामुक्त समाज का संदेश दिया। सामाजिक कार्यकर्ता चंडी थपलियाल और स्थानीय लोगों ने महिलाओं के इस फैसले को ग्राम पंचायत के हित में बताया और इस पहल की सराहना की।
