Maa Mansa Devi Ropeway Update: मां मनसा देवी रोपवे का संचालन ऊषा ब्रेको कंपनी को पिछली बार 1 साल के लिए रोपवे संचालन की अनुमति दी गई थी। जिसकी अवधि जल्द ही पूरी होने वाली है। अब ऊषा ब्रेको कंपनी मां मनसा देवी रोपवे का संचालन केवल 10 अप्रैल 2025 तक ही करने वाली है।
नई निविदा प्रक्रिया शुरू
आपको बता दें, अब जब उषा ब्रेको को दी गई एक साल की लीज 10 अप्रैल 2025 को खत्म हो रही है, तो नगर निगम ने तय किया है कि रोपवे संचालन के लिए अब नया टेंडर दिया जाएगा। इसके लिए एक नई ई-निविदा प्रक्रिया (ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया) शुरू की जा रही है, ताकि कोई भी इच्छुक कंपनी या संस्था नियमों के अनुसार आवेदन कर सके। बता दें , 9 अप्रैल को निविदा का ऑनलाइन प्रकाशन होगा और 24 अप्रैल को निविदा खोली जाएगी।
ऊषा ब्रेको कंपनी
आपको बता दें, ब्रेको कंपनी 1974 से मां मनसा देवी का रोपवे चला रही है। इसका पहला अनुबंध 15 मई 1974 को हुआ था, जो 20 मई 2021 को खत्म हो गया। इसके बाद नया टेंडर करने के बजाय, 15 मई 2021 को नगर निगम की बैठक में 30 साल तक लीज बढ़ाने का फैसला लिया गया। यह फैसला विवादों में आ गया क्योंकि इसमें जरूरी नियमों का पालन नहीं किया गया था।
मेयर कांग्रेस से थीं और पार्षदों में भाजपा का बहुमत था, जिससे इस पर राजनीतिक बहस भी हुई। मामला शासन तक पहुंचा और नगर निगम से इसकी जांच रिपोर्ट मांगी गई। इसके बाद तय किया गया कि रोपवे अब दो साल तक ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (O&M) मोड में चलाया जाएगा, लेकिन उससे पहले आईआईटी रुड़की से इसकी तकनीकी जांच कराई जाएगी।
अवधि अब 10 अप्रैल तक की
इसके बाद उषा ब्रेको को ढाई साल की लीज दी गई, जो 31 दिसंबर 2023 को खत्म हो गई। फिर करीब 15 दिन तक रोपवे बंद रहा और यात्रियों को पैदल जाना पड़ा। जिसके बाद फिर से एक साल के लिए उषा ब्रेको को संचालन सौंपा गया, जिसकी अवधि अब 10 अप्रैल 2025 को खत्म हो रही है। इसके तहत कंपनी को कुल 10.11 करोड़ रुपये नगर निगम को देने थे, जो लीज राशि के रूप में तय हुए। इसके अलावा, हर एक टिकट पर 6 रुपये अतिरिक्त नगर निगम को देने का समझौता हुआ।