Mobile Phone Ban In Dhari Devi Temple : उत्तराखंड में प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम और मंदिर समिति के बीच बैठक आयोजित हुई। जिसमें मंदिर परिसर की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। साथ ही, मंदिर परिसर में मोबाइल बैन कर दिया गया है।
आपको बता दें, मेयर आरती भंडारी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में वार्ड पार्षद राजेंद्र नेगी, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, अधिशासी अभियंता पवन कोठियाल, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, प्रवीण रावत, मंदिर समिति के सचिव विवेक पांडेय, रमेश चंद्र पांडेय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
इस बैठक में तय किया गया कि मंदिर परिसर की पवित्रता बनाए रखने के लिए मंदिर क्षेत्र में मोबाइल फोन के उपयोग पर रोक लगाई जाएगी। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से परिसर में लॉकर की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि लोग अपने मोबाइल और अन्य सामान सुरक्षित रख सकें।
इसके अलावा मंदिर में आने और जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए वन-वे व्यवस्था लागू करने पर भी सहमति बनी, जिससे दर्शन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और सुचारु बनाया जा सके। वहीं, बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर को अतिक्रमण से मुक्त किया जाएगा।
