Mock Drill in 7 Districts Today : उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर ली है। इसके तहत आज राज्य के 7 जिलों में मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है, जिसकी निगरानी राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से की जा रही है। इसका उद्देश्य संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखना है।
आपको बता दें, यह अभ्यास राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के दिशा-निर्देशों के तहत किया जा रहा है। जिलाधिकारी सविन बंसल के अनुसार, जिले को नौ जोन और 23 सेक्टरों में बांटकर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। जीआईएस मैपिंग के जरिए संसाधनों का आकलन किया गया है, ताकि आपदा के समय तेजी से कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने ‘जीरो लॉस ऑफ लाइफ’ का लक्ष्य रखते हुए सभी एजेंसियों को सतर्क रहने को कहा है।
इसके साथ ही, कीर्तिनगर में उप जिलाधिकारी मंजू राजपूत ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा शुरू होने में कम समय बचा है, ऐसे में सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ काम करना होगा, ताकि बदरीनाथ और केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
साथ ही उन्होंने टिहरी गढ़वाल को यात्रा का अहम प्रवेश मार्ग मानते हुए यहां विशेष तैयारियों पर जोर दिया गया है। वहीं, संबंधित विभागों को सड़कों की मरम्मत, पेयजल की सुचारू आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
तैयारियों को परखने के लिए आज मलेथा मुख्य चौराहे से नया पुल होते हुए कीर्तिनगर तक मॉक ड्रिल की जाएगी, जिसमें सभी विभाग शामिल होंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से काम किया जा सके।
