Mule Registration Begins for Chardham Yatra : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा जल्द ही शुरू होने जा रही है। जिसके चलते प्रशासन ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले ही यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं, सरकार ने घोड़े-खच्चरों के पंजीकरण की प्रकिया शुरू कर दी है।
आपको बता दें, इस वर्ष केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे । जिसके लिए प्रशासन ने घोड़े-खच्चरों के पंजीकरण के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया है। बता दें, पंजीकरण का पहला चरण 26 से 28 फरवरी तक निर्धारित किया गया है। जबकि होली के बाद दूसरे चरण की तिथियां घोषित की जाएंगी।
पंजीकरण अनिवार्य
इसके साथ ही, यात्रा मार्ग पर सवारी और सामान ढोने वाले सभी पशुओं के लिए स्वास्थ्य जांच, माइक्रोचिप लगाने, टैगिंग, रक्त परीक्षण और बीमा कराना अनिवार्य किया गया है। इसके बाद ही जिला पंचायत पंजीकरण को अंतिम रूप देगी। इस बार करीब पांच हजार घोड़ा-खच्चरों को संचालन की अनुमति देने की योजना है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के तहत अलग-अलग केंद्रों पर शिविर लगाकर पशुओं की जांच और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। 27 फरवरी को चंद्रापुरी और सिद्धसौड़, जबकि 28 फरवरी को धंघासू बांगर और बक्सीर में पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे।
वहीं, अधिकारियों के मुताबिक राउलेक में करीब 300 घोड़ा-खच्चरों का स्वास्थ्य परीक्षण और माइक्रोचिपिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन बीमा न होने के कारण लाइसेंस जारी नहीं किए गए। दूसरी ओर मनसूना में 172 पशुओं का परीक्षण हुआ, जिनमें से 143 का बीमा पूरा होने पर लाइसेंस जारी कर दिए गए हैं।
