November 6, sound the bugle for 2027 elections: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का 6 नवंबर को एक दिवसीय दौरे पर देहरादून आ रहे है। उनके इस महत्वपूर्ण दौरे को आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के शंखनाद और सुरक्षा-व्यवस्था के लिहाज से बेहद खास माना जा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार, गृहमंत्री अमित शाह 6 नवंबर को करीब दोपहर 12 बजे परेड ग्राउंड में भारतीय जनता पार्टी की होने वाली पदयात्रा-रैली और जनसभा में शामिल होंगे। यहाँ वे कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत के लिए दिशा-निर्देश देंगे। बता दे परेड ग्राउंड में उनके स्वागत में भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं सामूहिक रूप से देशभक्ति गीत ‘वंदे मातरम’ की विशेष प्रस्तुति देंगे।
वहीं रैली के बाद केंद्रीय गृह मंत्री रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन के सरकारी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरे के दौरान गृह मंत्री उत्तराखंड पुलिस को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ (President’s Police Color) से सम्मानित करेंगे। अमित शाह राज्य स्थापना सप्ताह के तहत आयोजित किए जा रहे विशेष कार्यक्रमों का भी हिस्सा बनेंगे।
देहरादून में ट्रैफिक प्लान लागू, कई रूट डायवर्ट और जीरो जोन घोषित
गृहमंत्री की सुरक्षा और VIP मूवमेंट को देखते हुए देहरादून पुलिस ने कड़ा ट्रैफिक प्लान जारी किया है। परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आस-पास के कई रास्तों को पूरी तरह बंद या डायवर्ट किया गया है। कार्यक्रम स्थलों के आस-पास कड़े नो-पार्किंग नियम लागू हैं। जनसभा के दौरान परेड ग्राउंड के चारों ओर रोजगार तिराहा से सीजेएम तिराहा और लैंसडाउन चौक तक का क्षेत्र पूरी तरह जीरो जोन रहेगा। यहाँ किसी भी आम वाहन की आवाजाही प्रतिबंधित होगी। सर्वे चौक से लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहा से कनक चौक की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह, आराघर से ईसी रोड आने वाले वाहनों को सीएमआई, एमकेपी और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की तरफ मोड़ा जाएगा। हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की और आईएसबीटी (ISBT) से जनसभा में आने वाली बसें सवारियों को पानी की टंकी और दून क्लब के पास उतारकर बन्नू स्कूल ग्राउंड में पार्क होंगी। जबकि रायपुर और विकासनगर रूट की बसें गुरुद्वारा ग्राउंड रेसकोर्स में खड़ी की जाएंगी। यदि कोई भी वाहन वीआईपी रूट या नो-पार्किंग जोन में खड़ा पाया जाता है, तो पुलिस उसे तुरंत क्रेन से उठा लेगी और वाहन मालिक पर ₹1500 का भारी जुर्माना (चालान) किया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर देहरादून पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। जिसके लिए भारतीय वायु सेना (IAF) का एक विमान कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण और सुरक्षा मानकों को जांचने के लिए पहले ही देहरादून पहुंच चुका है। गृह मंत्री के पूरे VIP रूट और कार्यक्रम स्थलों के आस-पास ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। कार्यक्रम स्थलों और रूट के आस-पास की ऊंची इमारतों पर सुरक्षा बल और शार्पशूटर तैनात किए गए हैं।
बता दे अमित शाह के इस दौरे से ठीक पहले उत्तराखंड की राजनीति का पारा चढ़ गया है। एक तरफ बीजेपी इस दौरे को बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष (कांग्रेस) ने राज्य में भूमि घोटालों और जमीनों की ‘अवैध’ नीलामी के आरोपों को लेकर जिला और राज्य मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व (मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी) ने भी उत्तराखंड के वरिष्ठ नेताओं के साथ 2027 चुनाव को लेकर बड़ी रणनीति तैयार की है, जिससे यह मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।
पढ़े – https://theindiainsights.com/jaisalmer-visit-defense-minister-rajnath-singh/
