Jaisalmer Visit: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संसदीय सलाहकार समिति की बैठक में होंगे शामिल…

Jaisalmer Visit: Defense Minister Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर पहुंचे हैं। उनका यह दौरा रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 3 नवंबर को जैसलमेर के होटल फोर्ट राजवाड़ा में रक्षा मंत्रालय की संसदीय परामर्शदात्री समिति की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इसमें लोकसभा और राज्यसभा के कई सांसदों के साथ रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और सैन्य अधिकारी भी शामिल होंगे।

बैठक में भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और आधुनिक सैन्य तकनीक को लेकर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य, भविष्य की सैन्य चुनौतियों और भारतीय सेना की ऑपरेशनल क्षमताओं को और मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे भी एजेंडे में शामिल हैं। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और नई तकनीकों को सेना का हिस्सा बनाने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

जैसलमेर पाकिस्तान से सटी भारत की पश्चिमी सीमा के करीब स्थित होने के कारण सामरिक दृष्टि से बेहद अहम है। ऐसे में इस बैठक में पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा तैयारियों, सेना की तैनाती, सैन्य संसाधनों की उपलब्धता और सीमावर्ती क्षेत्रों में रक्षा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। बैठक का उद्देश्य देश की सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए रक्षा तैयारियों और सैन्य क्षमताओं को बेहतर बनाने के उपायों पर विचार करना है।

गौरतलब है कि राजनाथ सिंह 2 नवंबर की शाम विशेष विमान से जैसलमेर पहुंचे थे। उनके साथ रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। जैसलमेर पहुंचने के बाद उन्होंने ‘शौर्य वन’ युद्ध संग्रहालय में लाइट एंड साउंड शो भी देखा। इस दौरे को सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रीय सुरक्षा और भारतीय सशस्त्र बलों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पढ़े –https://theindiainsights.com/bjps-big-political-campaign-today/

Aarti Rawat
Aarti Rawat