बाल दिवस पर देश ने पंडित जवाहर लाल नेहरू को किया नमन, PM मोदी से राहुल गांधी तक नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

PM Modi to Rahul Gandhi paying homage: भारत आज 14 नवंबर 2026 को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशभर में बाल दिवस मनाया जा रहा है। PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा कर पंडित नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी आधुनिक भारत के निर्माण में नेहरू के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती पर उन्हें ‘हिंद के जवाहर’ बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर राहुल गांधी ने साझा करते हुए अपने संदेश में नेहरू के विचारों और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए लिखा कि पंडित नेहरू के लिए आजादी कोई अंतिम मंजिल नहीं, बल्कि देश के एक नए सफर का मुकाम थी।

उन्होंने स्वराज को सत्ता के बजाय हर नागरिक की भागीदारी और देश के भविष्य की जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि नेहरू के लिए भारत एक खोज और एक विचार था, जिसकी शक्ति विविधता, विश्वास लोकतंत्र और आधार समानता है। राहुल गांधी ने इस बात पर जोर दिया कि एक आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का नेहरू का सपना आज भी देशवासियों और पार्टी के लिए प्रेरणा बना हुआ है।

इसके अतिरिक्त, कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिल्ली स्थित शांतिवन पहुंचकर पंडित नेहरू की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी नेहरू को एक दूरदर्शी राष्ट्र निर्माता बताते हुए नमन किया।

पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) में हुआ था। पंडित नेहरू बच्चों के प्रति अपने गहरे स्नेह के कारण ‘चाचा नेहरू’ के रूप में लोकप्रिय थे। 1964 में उनके निधन से पहले भारत में संयुक्त राष्ट्र की तर्ज पर 20 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता था, लेकिन संसद के एक प्रस्ताव के बाद उनकी जयंती पर 14 नवंबर को आधिकारिक रूप से बाल दिवस घोषित किया गया।

इस दिन देश के स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं।

पढ़े –https://theindiainsights.com/self-enumeration-to-begin-on-16-november/

Aarti Rawat
Aarti Rawat