Rahul Gandhi Uttarakhand Tour On 4 June: उत्तराखंड कांग्रेस को आगामी चुनाव के लिए तैयार करने के लिए 4 जून को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी देहरादून में पहुंच रहे हैं। उत्तराखंड कांग्रेस को लंबे समय के बाद यह मौका मिला है कि कोई बड़ा नेता उत्तराखंड में चुनाव का शंखनाद करने आ रहा है, इसी वजह से उत्तराखंड कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आओ भगत में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते।
राहुल गांधी के 4 जून के दौरे को देखते हुए रविवार को देहरादून में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने दौरे की सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मिली जानकारी के अनुसार 4 जून को राहुल गांधी सबसे पहले अल्मोड़ा में जनसभा करेंगे। अल्मोड़ा के बाद राहुल गांधी पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद 5 जून को देहरादून में कांग्रेस नेताओं और संगठन के साथ बैठक की जाएगी। आपको बता देंगे बैठक में 2027 चुनाव की तैयारी पर मंथन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के बाद उत्तराखंड कांग्रेस की कार्यकारिणी का भी गठन किया जाएगा। अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी देहरादून में कांग्रेस के हर विंग के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वह जमीनी हकीकत को भी परखेंगे।
उत्तराखंड में संगठनात्मक कमजोरी, नेतृत्व संकट और कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता से जूझ रही कांग्रेस के लिए राहुल गांधी का यह दौरा बूस्टर माना जा रहा है, लेकिन कांग्रेस के लिए चिंता की बात यह भी होगी कि राहुल गांधी के दौरे के बाद कांग्रेस नेताओं में अंतर कलह ना हो क्योंकि अभी तक यह देखा गया है कि जब-जब कांग्रेस अपने ट्रैक पर आती है तो पार्टी का कोई नेता सार्वजनिक मंच पर पार्टी के अंदर चल रहे कलह को जनता के सामने ला देता है और विपक्ष को कांग्रेस के खिलाफ मुद्दा मिल जाता है।
