16 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘राणाबाली’, विजय-रश्मिका की ऑनस्क्रीन जोड़ी की वापसी

Ranabali’ to release on October 16: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना के फैंस के लिए आखिरकार इंतजार खत्म हो गया है। दोनों की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राणाबाली’ अब 16 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। विजय ने गुरुवार को नए पोस्टर के साथ फिल्म की नई रिलीज डेट की घोषणा की। इससे पहले फिल्म को 11 सितंबर को रिलीज किया जाना था, लेकिन बाद में इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई।

शादी के बाद पहली बार साथ बड़े पर्दे पर

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने 26 फरवरी 2026 को शादी की थी। अब ‘राणाबाली’ दोनों की शादी के बाद पहली ऐसी फिल्म होगी, जिसमें वे एक साथ नजर आएंगे। दोनों की जोड़ी इससे पहले ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ जैसी फिल्मों में दर्शकों का दिल जीत चुकी है। यही वजह है कि इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच खास उत्साह बना हुआ है।

नए पोस्टर में दिखा विजय का दमदार अंदाज

रिलीज डेट के साथ सामने आए नए पोस्टर में विजय देवरकोंडा बेहद अलग और दमदार अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। उनका लुक एक योद्धा जैसा है और पोस्टर फिल्म की पीरियड-एक्शन कहानी की झलक देता है। फिल्म में विजय मुख्य भूमिका में हैं, जबकि रश्मिका जयम्मा के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वॉस्लू भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

दशहरा के आसपास सिनेमाघरों में दस्तक

राहुल सांक्रित्यायन के निर्देशन में बनी ‘राणाबाली’ एक पीरियड एक्शन ड्रामा है। फिल्म को दशहरा के आसपास रिलीज करने की तैयारी है, जिससे इसे त्योहारी सीजन का फायदा मिलने की उम्मीद है। नए पोस्टर और रिलीज डेट के ऐलान के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी एक बार फिर बढ़ गई है। अब देखना होगा कि शादी के बाद पहली बार साथ आ रही विजय और रश्मिका की जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है।

Aarti Rawat
Aarti Rawat