Rekha Arya begins Kanwar Yatra 2026 : प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्य ने सोमवार यानी आज 10 अगस्त से हरिद्वार हर की पौड़ी से कावड़ यात्रा शुरू की है। इस मौके पर उनके साथ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (ABAP) के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज और महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज समेत कई साधु संत मौजूद रहे। रेखा आर्य ने सबसे पहले हर की पौड़ी पर मां गंगा को नमन किया।
इसके बाद उन्होने विधि विधान के साथ गंगा पूजा की और मां गंगा के जयकारों के साथ सुबह सवेरे हर की पौड़ी से कावड़ यात्रा प्रस्थान कर गई। इस दौरान कावड़ यात्रा में कई खेल प्रेमी भी मौजूद रहे। खेल मंत्री रेखा आर्य हरकी पौड़ी से गंगा जल लेकर लगभग 26 किमी की पैदल यात्रा पर निकली है। रेखा आर्य ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर में गंगा जल से भगवान शिव का रुद्राभिषेक करेंगी।
उन्होने दो महत्वपूर्ण संकल्प के साथ यह यात्रा (Kanwar Yatra 2026) शुरु की
- पहला संकल्प- वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत को मिले और उसका सफल आयोजन हो।
- दूसरा संकल्प- भारत को खेलों के क्षेत्र में विश्व की खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का है।
इस दौरान रेखा आर्या ने कहा कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से उनके दोनों संकल्प अवश्य पूरे होंगे। वहीं साधु संतों ने मंत्री रेखा आर्या के संकल्प और भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था की सराहना की। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होने कहा भगवान शिव से कामना है कि उनके दोनों संकल्प पूर्ण हों और भारत खेल जगत में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे। निश्चित रूप से रेखा आर्या देश की वीरांगना हैं, जो सनातन को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहीं हैं। उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं होगी, बल्कि देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का संदेश भी देगी।
