गैरसैंण में UKD समेत कई संगठनों का प्रदर्शन, जंगलचट्टी बैरियर पर रोका रास्ता…

Several organizations, including the UKD: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में दो दिवसीय विधानसभा सत्र के पहले ही दिन यानी आज मंगलवार 27 अक्टूबर 2026 को सड़क से लेकर सदन तक भारी हंगामा देखने को मिला है। विभिन्न मांगों को लेकर विधानसभा भवन की ओर कूच कर रहे आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जंगलचट्टी बैरियर पर रास्ता पूरी तरह बाधित कर दिया। बता दे क्षेत्र में पहले से ही धारा 163 लागू है, लेकिन इसके बावजूद भारी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की। पुलिस की टीमें लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी हैं।

उत्तराखंड क्रांति दल (UKD), प्रदेश प्रधान संगठन और स्वराज अभियान से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता जब विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े, तो पुलिस ने उन्हें जंगलचट्टी बैरिकेडिंग पर रोक लिया। इससे नाराज होकर प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ही धरना दे दिया और मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। जंगलचट्टी में डटे UKD कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैरसैंण को तत्काल स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग दोहराई। साथ ही ‘प्रदेश प्रधान संगठन’ के बैनर तले जुटे जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायतों के अधिकारों में की जा रही कटौती के खिलाफ हुंकार भरी और अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लागू करने की मांग की।

वहीं रास्ता रोके जाने के कारण सत्र में शामिल होने जा रहे अधिकारियों, कर्मचारियों और कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों के वाहन लंबे समय तक फंसे रहे, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बैरियर को पार करने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं की पुलिस और पीएसी (PAC) के जवानों के साथ तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई।

चमोली प्रशासन ने हंगामे की पहले से आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र को छावनी में बदल रखा था। जंगलचट्टी, दिवालीखाल और दुकमुतासैंण जैसे प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर लोहे के मजबूत गेट और कंटीले तारों की फेंसिंग की गई है।

पढ़े –https://theindiainsights.com/a-200-km-walk-for-simli-base-hospital/

Aarti Rawat
Aarti Rawat