विधानसभा में एक दिवसीय विशेष सत्र, विपक्ष का जोरदार हंगामा

Special Vidhansabha Session Dehradun: उत्तराखंड विधानसभा में आज मंगलवार को 11 बजे से एक दिवसीय विशेष सत्र शुरू हुआ है। सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विशेष सत्र शुरू होते ही कहा कि देश की नारियों को विश्वास दिलाते हैं कि उनका अधिकार अवश्य मिलेगा। आधी आबादी को उनका पूरा हक दिलाएंगे ताकि मातृशक्ति विकसित भारत के निर्माण में अपनी पूरी क्षमता से योगदान दे सके।

उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार में मातृशक्ति वंदना योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, जल जीवन मिशन, 12 करोड़ शौचालय, महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा मिली। लखपति दीदी योजना से महिलाओं को समृद्ध बनाने का काम हो रहा है। ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार हर तरह से आम लोगों का जीवन बदलने में लगे हैं, कांग्रेस को ये रास नहीं आ रहा है। वहीं विधानसभा के विशेष सत्र में विपक्ष का जोरदार हंगामा देखने को भी मिल रहा है।

कांग्रेस विधायक ने विधानसभा के बाहर पलटी गन्ने से लदी ट्रॉली

देहरादून में महिला आरक्षण पर बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र से पहले विधानसभा गेट पर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब झबरेड़ा से कांग्रेस विधायक वीरेन्द्र जाती गन्ने से लदी ट्रॉली लेकर विधानसभा पहुंचे और मुख्य गेट के बाहर ट्रॉली को पलट दिया। देखते ही देखते गन्ना सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत स्थिति को संभाला।

कांग्रेस विधायक वीरेन्द्र जाती ने गन्ने से भरी ट्रॉली पलटकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों के बकाये भुगतान का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया। कांग्रेस विधायक ने किसानों की समस्याओं को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। बता दे उत्तराखंड विधानसभा में नारी सम्मान और लोकतंत्र में महिलाओं के अधिकारों पर चर्चा के लिए एक दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया गया है। लेकिन सत्र शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर के बाहर एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली।

विपक्ष ने देश की गरीब बेटियों के बारे में कभी नहीं सोचा – सीएम धामी

विधानसभा में हंगामे के बीच सीएम धामी ने अपने संबोधन कहा कि विपक्ष ने देश की गरीब बेटियों के बारे में कभी नहीं सोचा। आज उज्ज्वला योजना ने मातृ शक्ति को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाई। राज्य में सिलिंडर की कोई कमी नहीं होगी। चारधाम यात्रा की शानदार शुरुआत हुई है। इतनी भीड़ है कि कुछ लोग रील बनाकर विरोध करने लगे। आपको हमारा विरोध करना है तो करें, लेकिन चारधाम को ही बदनाम करने पर उतर आए, ये सही नहीं है।

सीएम धामी ने ये भी कहा कि कांग्रेस ने विरोध इसलिए किया, कि अगर महिलाओं को आरक्षण मिल जाता, तो इसका श्रेय भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चला जाता। मोदी जी इसका श्रेय विपक्ष को भी देने को तैयार थे। सीएम ने कहा कि 11 वर्षों में जेंडर बजट में पांच गुना की वृद्धि हुई है। बजट में बेटियों के लिए 5 लाख करोड़ से अधिक का प्रावधान किया गया है। 11 वर्षों में देश में संस्थागत प्रसव 61 से बढ़कर 97% हो गया। सुकन्या समृद्धि के तहत 8.2 % की ब्याज दर के साथ टैक्स फ्री लाभ दिया जा रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष भूल गया कि रावण का अंत भी माता सीता के अपमान की वजह से हुआ था। उनेहोंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में स्पष्ट किया कि किसी राज्य की सीटें नहीं घटेंगी। अगर मातृशक्ति को आरक्षण मिल जाता, तो किसी का क्या जाता। सीटें बढ़ जाती तो महिलाओं को उनका हक मिल जाता। बढ़ी सीटें तो आखिर महिलाओं को ही मिलनी थीं। तो फिर कांग्रेस ने इसे रोकने का काम क्यों किया।

Srishti
Srishti