आंधी-तूफान का कहर, हल्द्वानी में स्कूल की दीवार गिरी, 8 लोग मलबे में दबे…

Storm Havoc In Haldwani : हल्द्वानी से आंधी-तूफान से हुए नुकसान की खबर सामने आ रही है। जहां रविवार रात एक स्कूल की दीवार गिरने से 8 लोग दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।

आपको बता दें, कल यानी रविवार देर रात तेज आंधी-तूफान ने नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ और बिजली की लाइनें टूट गईं, जिससे नैनीताल समेत आसपास के इलाकों में रात से ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

इसके अलावा, हल्द्वानी में सेंट स्कूल की दीवार गिरने से बगल में रह रहे 8 लोग मलबे में दब गए। जिसके बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी को मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया।

वहीं, रात करीब डेढ़ बजे से तीन बजे तक चले तेज तूफान ने शहर में कई जगह नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के चलते कुछ घरों की टिन की छतें भी उड़ गईं।
साथ ही, पटवाडांगर रोड और हल्द्वानी रोड पर कई जगह पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित रहा। सुबह तक स्थानीय लोग और प्रशासन सड़क से पेड़ हटाने के काम में लगे रहे। इसके अलावा बल्दीयाखान क्षेत्र में देवदार का एक बड़ा पेड़ एक कार पर गिर गया, जिससे वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।

ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रयक पांडे ने बताया कि आंधी के कारण कई स्थानों पर बिजली की लाइनें और पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। विभाग की टीमें मौके पर भेजी गई हैं और मरम्मत का काम जारी है। लाइनों के ठीक होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में भेजी गई हैं और तूफान से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। स्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Srishti
Srishti