UKPSC Lower PCS result declared: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने Lower PCS परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए 25 सितंबर 2026 को रिजल्ट जारी किया गया। इस परीक्षा में देहरादून निवासी आयुष बेलवाल ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि जसपुर के बिक्रांत सिंह दूसरे और देहरादून की हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रहीं।
लोअर PCS भर्ती के तहत कुल 113 पदों पर अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। इनमें नायब तहसीलदार के 36, उप कारापाल के 14, पूर्ति निरीक्षक के 36, विपणन निरीक्षक के 6, श्रम प्रवर्तन अधिकारी के 5 और आबकारी निरीक्षक के 5 पद शामिल हैं। इसके अलावा ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के 2, गन्ना विकास निरीक्षक के 6 और खांडसारी निरीक्षक के 3 पदों पर भी चयन हुआ है।
चयनित अभ्यर्थियों में विभिन्न जिलों के उम्मीदवार शामिल
परीक्षा की मेरिट में आयुष बेलवाल के बाद बिक्रांत सिंह दूसरे और हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रहीं। टॉप-10 में अनिमेष पुनेठा चौथे, भूपेश सिंह नगरकोटि पांचवें, रोहन नाथ छठे, लोकेश सिंह सजवाण सातवें, कार्तिक भट्ट आठवें, करिश्मा मनकोटि नौवें और प्रतीक्षा राज चौहान दसवें स्थान पर रहीं। अलग-अलग रिपोर्टों के मुताबिक चयनित अभ्यर्थियों में विभिन्न जिलों के उम्मीदवार शामिल हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। जिसमे 113 पदों के लिए 88,688 आवेदन प्राप्त हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा के बाद मुख्य परीक्षा 13 और 14 सितंबर 2025 को आयोजित हुई, जिसका परिणाम 27 मार्च 2026 को जारी किया गया था। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के बाद साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड और चिकित्सकीय परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके आधार पर अब अंतिम चयन सूची जारी की गई है।
अभ्यर्थी अपना लोअर PCS 2024 का पदवार चयन परिणाम, प्राप्तांक और कटऑफ UKPSC की आधिकारिक वेबसाइट के परिणाम अनुभाग में देख सकते हैं। रिपोर्टों के अनुसार अंतिम परिणाम में सामान्य/ओबीसी वर्ग की कटऑफ 282, अनुसूचित जाति की 252 और अनुसूचित जनजाति की 263 रही।
पढे – https://theindiainsights.com/ukpsc-has-released-the-recruitment/
