UTU begins Admission Process : वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रथम वर्ष और लैटरल एंट्री में दाखिले के लिए काउंसलिंग की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत पहले चरण में सभी संबंधित निजी संस्थानों से सीटों का विवरण ऑनलाइन मांगा गया है।
संस्थाओं को जल्द कराना होगा विवरण उपलब्ध
विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ राजेश उपाध्याय ने जानकारी दी की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने से पहले प्रत्येक संस्थान को यूएनएस पोर्टल पर लॉगिन कर निर्धारित प्रारूप में सीटों का पूरा विवरण अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही वह जानकारी ईमेल के माध्यम से भी विश्वविद्यालय को भेजनी होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संस्थाओं को जल्द विवरण उपलब्ध कराना होगा।
निर्धारित समय सीमा तक सीटों की जानकारी न देने की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संस्था की मानी जाएगी। विश्वविद्यालय ने इस संबंध में औपचारिक निर्देश जारी कर कहा कि समय पर सीटों का सही विवरण मिलने से काउंसिलिंग प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित से संचालित की जा सकेगी, जिससे छात्रों को समय पर प्रवेश का अवसर मिल सकेगा।
