Vikas Nagar Tragic Bus Accident : उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। जहां एक रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना दर्दनाक था कि मौके पर अफरा तफरी मच गई।
आपको बता दें , मंगलवार सुबह हरिपुर–कोटी–मीनस मार्ग पर क्वानू के पास एक हिमाचल प्रदेश की रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार यह बस हिमाचल के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटना में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई यात्री घायल हैं।
कालसी थाना प्रभारी दीपक धारीवाल ने बताया कि घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा जा रहा है। प्रशासन ने आसपास के सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा है।
सीएम धामी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और गंभीर घायलों को जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
