देहरादून में बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़, लुटेरों ने थानाध्यक्ष को मारी गोली

Encounter Between Criminals and Police in Dehradun : देहरादून के प्रेम नगर चांद थाना क्षेत्र में बुधवार यानी 29 अप्रैल को देर रात लूट की घटना के बाद तीन बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई मुठभेड़ में एक बदमाश ढेर हो गया जबकि दो फरार हो गए। वहीं इस दौरान प्रेम नगर थाना प्रभारी नरेश राठौर के हाथों में दो गोली लगी।

जानकारी के अनुसार प्रेम नगर थाना क्षेत्र के पौधा रोड पर बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर उसकी चेन और नगदी लूट ली और मौके से भाग फरार हो गए। पुलिस ने घेर बंदी कर पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर भी फायरिंग कर दी पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को मार गिराया जबकि दो फरार हो गए। इस दौरान प्रेम नगर थानाध्यक्ष को भी दो गोलियां लगी जिन्हें हाइयर सेंटर रेफर कर दिया गया।

बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने जिस व्यक्ति को गोली मारी थी उसको भी हाइयर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल फरार बदमाशों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है। जनपद में सभी नाकों और बैरियर पर नाकाबंदी करके संघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

वहीं एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रात 10 बजकर 36 मिनट में पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पौंधा में एक व्यक्ति को गोली मारकर बदमाश उसकी चेन, मोबाइल फोन और पैसे छीनकर भागे हैं। इसके बाद सभी थाना क्षेत्रों में अलर्ट कर दिया गया। सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग के निर्देश दिए गए थे। प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर पूरी पुलिस फोर्स के साथ जांच कर रहे थे। जो गाड़ी बताई गई थी इंस्पेक्टर प्रेमनगर को वो गाड़ी दिखी तो उसे रुकने का इशारा किया, उसमें तीन बदमाश बैठे थे।

मुठभेड़ के बाद पूरे शहर में नाकेबंदी

उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। इसमें दो गोली प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर को लगीं। इस दौरान पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इसमें एक बदमाश मारा गया। उसका शव कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र में लूट की घटना की सूचना मिलने के बाद ही सभी थानों में अलर्ट कर दिया गया था। मुठभेड़ के बाद पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है। शहर के हर चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बैरिकेडिंग लगाकर हर वाहन की जांच की जा रही और संदिग्धों पर पुलिस कड़ी नजर बनाए हुए है। जिलेभर में पुलिस थानों को अलर्ट भेजा गया है।

Srishti
Srishti