BKTC issued New fees for VIP Darshans : चार धाम यात्रा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। चार धाम यात्रा के अंतर्गत श्री बद्रीनाथ धाम में अब VIP दर्शन के लिए ₹1100 का शुल्क निर्धारित किया गया है। बता दे श्री बद्रीनाथ केदारनाथ समिति द्वारा वीआईपी दर्शन पर शुल्क लगाया गया है। वीआईपी प्रोटोकॉल के दौरान मंदिर के पास अव्यवस्थाओं के चलते VIP कार्यालय भी थाने के पास नीलकंठ विश्राम गृह में खोल दिया गया है। संबधित व्यक्ति को पास जारी होने के बाद ही मंदिर दर्शन करने की अनुमति होगी।
प्रति व्यक्ति की सहयोग राशि ₹1100/- की गई निर्धारित
श्री बद्रीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम में आने वाले सामान्य श्रद्धालुओं के दर्शन पर न्यूनतम प्रभाव सुनिश्चित करते हुए माननीय व्यक्तियों के दर्शन को सुगम्, सुरक्षित एवं समयबद्ध बनाए जाने के लिए श्री मन्दिर समिति द्वारा प्रचलित मानक प्रचालन विधि में वर्तमान में श्री बदरीनाथ धाम में बढ़ती हुई यात्रियों की संख्या को देखते हुए एवं स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझावों के क्रम में अध्यक्ष के निर्देश पर आदेश जारी किए हैं।
जिसमें दर्शन प्रक्रिया के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा राज्य सरकार से प्राप्त लिखित प्रोटोकॉल सूचना के आधार पर प्रोटोकॉल पर्ची निर्गत की जाएगी, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर सुगम दर्शन कराए जाएंगे। उक्त व्यवस्था हेतु श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा प्रति व्यक्ति ₹1100/- की सहयोग राशि निर्धारित की गई है, जिसकी विधिवत रसीद भी प्रदान की जाएगी।
