15 अगस्त को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खास सतर्कता बरती जा रही है।
Security tightened in Delhi ahead of August 15: 15 अगस्त से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। राजधानी में किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने मंगलवार रात से विशेष गश्त और सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रमुख सड़कों, संवेदनशील इलाकों और वाहनों की जांच की।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला से लेकर गोविंदपुरी, डिफेंस कॉलोनी और सफदरजंग समेत दक्षिण दिल्ली के कई इलाकों में देर रात तक पुलिस की पेट्रोलिंग जारी रही। सड़कों पर वाहनों को रोककर बारीकी से जांच की गई। पुलिसकर्मियों ने गाड़ियों की बाहरी जांच के साथ अंदर भी तलाशी ली और जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया।
सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार खुद लक्ष्मी नगर पहुंचे। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ इलाके में गश्त की और चेकिंग अभियान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
डीसीपी ईस्ट राजीव कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। संदिग्ध वाहनों और लोगों की गहन जांच की जा रही है। किसी व्यक्ति या वाहन पर संदेह होने पर उसे तुरंत डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र में गश्त करेंगे। पिकेट चेकिंग भी बढ़ाई गई है और सुरक्षा के लिए मल्टीलेयर व्यवस्था लागू की गई है।
वहीं, दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार ने बताया कि पूरी दिल्ली में पुलिसकर्मियों को सड़कों पर उतारा गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पार्किंग क्षेत्रों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का खास फोकस आपराधिक तत्वों की पहचान और उन पर नजर रखने पर है। दक्षिणी जोन में 1,600 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें महिला कर्मचारी भी शामिल हैं। इसके अलावा करीब 60 पुलिस पिकेट बनाए गए हैं।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस तक राजधानी के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे निगरानी और चेकिंग जारी रहेगी।
यह भी पढे …https://theindiainsights.com/before-august-15-3-accused-arrested/
