उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, IAS-PCS अफसरों की जिम्मेदारियां बदली

responsibilities of IAS and PCS officers changed: उत्तराखंड शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), PCS और सचिवालय सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। देर रात जारी आदेश में कुल छह अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। हालांकि, लंबे समय से चर्चित बड़ी तबादला सूची का अभी भी इंतजार है।

इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव आईएएस अधिकारी आनंद श्रीवास्तव को लेकर हुआ है। उन्हें महानिदेशक कृषि एवं उद्यान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पद काफी समय से रिक्त चल रहा था। इससे पहले आईएएस अधिकारी वंदना इस जिम्मेदारी को संभाल रही थीं, लेकिन उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद पद खाली हो गया था।

वहीं, निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारी संभाल रहे विजय कुमार जोगदंडे को अब अपर सचिव गृह की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। दूसरी ओर, विनोद गिरि गोस्वामी से अपर सचिव आवास का दायित्व वापस ले लिया गया है।

पीसीएस अधिकारी सुंदरलाल सेमवाल से अपर सचिव समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है। बताया जा रहा है कि सेमवाल जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिसके चलते उनके दायित्वों में यह बदलाव किया गया है।

सचिवालय सेवा के अधिकारियों में भी फेरबदल किया गया है। सुनील सिंह को अपर सचिव आवास की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वह पहले से अपर सचिव राजस्व का दायित्व संभाल रहे हैं। वहीं, प्रमोशन के बाद नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रहीं महिमा रौकली को अपर सचिव राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बड़ी तबादला सूची का इंतजार जारी

शासन स्तर पर हुए इस फेरबदल को फिलहाल सामान्य बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जिलाधिकारियों, विकास प्राधिकरणों और शासन स्तर पर कई महत्वपूर्ण पदों पर बड़ा फेरबदल हो सकता है।

सरकार की ओर से इसको लेकर तैयारियां लगभग पूरी होने की चर्चा है। एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 सितंबर के बाद बड़ी तबादला सूची जारी होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम फैसला शासन स्तर से ही होगा।

Srishti
Srishti