राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को उत्तराखंड के दो खिलाडी खेल रत्न से होंगे सम्मानित l

On National Sports Day, August 29: उत्तराखंड के खेल जगत के लिए गर्व का मौका है। राज्य के युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल और स्टार एथलीट अंकिता ध्यानी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। खेल विभाग ने राज्य के खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। दोनों खिलाड़ियों को 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

खेल विभाग के अनुसार, अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 और अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के प्रदर्शन के आधार पर यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जा रहा है। दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने खेल में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।

अन्य खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी सम्मान

राज्य सरकार ने खेल रत्न के साथ अन्य खेल पुरस्कारों की भी घोषणा की है। हिमालय रत्न खेल पुरस्कार के लिए ममता खाती, सक्षम प्रताप सिंह, शौर्य सैनी और खुशी चंद्र का चयन किया गया है। वहीं, प्रशिक्षकों को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इनमें मुकेश शर्मा, अंकिता ध्यानी और लोकेश कुमार के नाम शामिल हैं।

इसके अलावा मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चुना गया है। इस तरह राष्ट्रीय खेल दिवस पर होने वाला समारोह उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं और उन्हें तैयार करने वाले प्रशिक्षकों के लिए खास अवसर बनने जा रहा है।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर होगा सम्मान

हर वर्ष 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इसी मौके पर उत्तराखंड के चयनित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को राज्य के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

अभिनव देशवाल और अंकिता ध्यानी को खेल रत्न के लिए चुना जाना प्रदेश में उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए भी उत्साह बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियां उत्तराखंड के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेंगी।

Srishti
Srishti