Attack on TMC Camac Street office : कोलकाता के कैमैक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यालय पर 3 सितंबर 2026 यानी गुरुवार तड़के करीब 4:30 बजे हथियारों से लैस लोगों ने हमला किया और तोड़फोड़ मचा दी। इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। वहीं TMC सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने इस हमले के पीछे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं का हाथ होने का गंभीर आरोप लगाया है।
अभिषेक बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट (X) पर एक सीसीटीवी फुटेज भी शेयर किया है, जिसमें नकाबपोश लोग दफ्तर के अंदर तोड़फोड़ करते और इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने CCTV फुटेज जारी कर बताया कि हमलावर गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे आए थे।
इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि हथियारों के साथ आए हमलावरों ने कर्मचारियों से मारपीट की, फोन छीने, फर्नीचर तोड़ा, दफ्तर में सामान बिखेर दिया और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। TMC नेताओं ने आरोप लगाया कि घटना के समय और करीब 2 घंटे तक लगातार TMC कर्मचारियों और वकीलों ने पुलिस को फोन और ईमेल के द्वारा सूचना दी। लेकिन करीब दो घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया अकाउंट (X) पर लिखा कि हम इस हमले में शामिल हर व्यक्ति की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हैं। हम इस बात की भी जांच की मांग करते हैं कि इस हिंसा की योजना किसने बनाई, इसे किसने आयोजित और निर्देशित किया, और बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस कार्रवाई करने में क्यों नाकाम रही। कोई भी राजनीतिक पार्टी या हथियारों से लैस गुंडों का कोई भी समूह कानून से ऊपर नहीं हो सकता। अगर लोग सुबह 4.30 बजे हथियारों के साथ किसी राजनीतिक पार्टी के ऑफिस में घुस सकते हैं, लोगों पर हमला कर सकते हैं और संपत्ति में तोड़-फोड़ कर सकते हैं, जबकि पुलिस वहां मौजूद नहीं होती, तो पश्चिम बंगाल में कानून का राज आखिर बचा ही क्या है? अब बहुत हो चुका। दोषियों को गिरफ्तार करें। जवाबदेही तय करें। अभी कार्रवाई करें।
उन्होंने आगे लिखा कि आज सुबह-सुबह बीजेपी ने मेरे पार्टी ऑफिस के साथ यही किया है। क्या पश्चिम बंगाल के गवर्नर कोई कदम उठाएंगे? क्या केंद्रीय गृह मंत्री कोई कार्रवाई करेंगे? क्या PMO कोई एक्शन लेगा? या वे बस अनदेखा करते रहेंगे? अब समय आ गया है कि न्यायपालिका, खासकर कलकत्ता हाई कोर्ट, इस स्थिति का गंभीरता से संज्ञान ले और पश्चिम बंगाल में कानून का राज बनाए रखने के लिए कदम उठाए। और सुवेंदु अधिकारी से एक सीधा सवाल: आप तृणमूल कांग्रेस और मुझसे इतना क्यों डरते हैं कि आपको डराने-धमकाने के ऐसे हथकंडे अपनाने पड़ रहे हैं?
बीजेपी ने आरोपों पर दिया कड़ा जवाब
वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यालय में हुई तोड़फोड़ के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कड़ा पलटवार करते हुए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होने इसे TMC का एक “राजनीतिक नाटक” (Staged Drama) करार दिया है। बीजेपी विधायक सजल घोष ने कहा कि यह पूरी घटना टीएमसी द्वारा खुद स्टेज (प्रायोजित) की गई है।
उन्होने कहा कि इस घटना में बीजेपी का कोई हाथ नहीं है। टीएमसी के पास वर्तमान में कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे केवल सुर्खियों में बने रहने (Limelight) के लिए ऐसा कर रहे हैं। बीजेपी नेताओं ने घटना के समय पर भी सवाल खड़े किए हैं। सजल घोष ने पूछा कि “इतने सुबह (तड़के 4:30 बजे) टीएमसी के कार्यकर्ता उस दफ्तर में क्या कर रहे थे?
बता दे कोलकाता पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से 6 लोगों को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
