Horrific accident in Haridwar : उत्तराखंड के हरिद्वार शहर से एक भीषण हादसे की खबर सामने आई है। शहर के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार यानी आज सुबह एक तेज रफ्तार बेकाबू बस ने एक निजी अस्पताल के बाहर खड़े 5 वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक का हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चालक को जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है। बता दे इस हादसे में एक कुत्ते की भी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा ज्वालापुर के दुर्गा चौक के पास स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। सुबह के समय एक अनियंत्रित बस अचानक अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों में जा घुसी। बस ने वहां खड़े एक ऑटो और चार कारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय अस्पताल के बाहर मरीजों और उनके परिजनों की ज्यादा भीड़ नहीं थी, जिससे एक बड़ा नरसंहार टल गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ या चालक की लापरवाही के कारण।
पढें – Haridwar : नशे में धुत कार सवार युवकों ने महिलाओं से की बदतमीजी, पुलिस ने लिया हिरासत में..
