केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड को दी 1,475 करोड़ रुपये की सौगात…

Amit Shah gifts development projects worth ₹1,475 Cr to Uttarakhand : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 6 नवंबर 2026 को देहरादून का दौरा किया, जहां उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को ‘राष्ट्रपति निशान’ (प्रेसिडेंट्स कलर) सम्मान से नवाजा और करीब 1,475 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी, साथ ही 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। जिनमें ₹1073.11 करोड़ की 44 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹402.20 करोड़ की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। ये परियोजनाएं सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, शहरी विकास और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री ने उत्तराखंड पुलिस को सौंपा ‘राष्ट्रपति निशान’

बता दे आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए उन्होंने परेड ग्राउंड की जनसभा में “65 पार” का चुनावी नारा भी दिया। साथ ही अमित शाह ने रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित अलंकरण समारोह में उत्तराखंड पुलिस को देश का प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति निशान’ सौंपा। यह सम्मान पाने वाला उत्तराखंड देश का 16वां राज्य बन गया है। उत्तराखंड पुलिस के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय डाक विभाग की ओर से एक विशेष कवर भी जारी किया गया। परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह और जनसभा में शाह ने कहा कि असम और हरियाणा के बाद अब भाजपा देवभूमि में भी जीत की हैट्रिक लगाएगी।

उन्होंने घोषणा की कि 31 मार्च 2029 तक पूरे भारत को नशामुक्त कर दिया जाएगा और उत्तराखंड भी अगले 3 साल में पूरी तरह नशामुक्त हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि मई 2027 के बाद देश में ‘तारीख पर तारीख’ की व्यवस्था समाप्त होगी और एफआईआर के बाद 3 साल के भीतर न्याय मिल जाएगा। कांग्रेस की ‘वोट बचाओ यात्रा’ को उन्होंने ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ करार दिया और अवैध मजारों व मदरसों को हटाने की कार्रवाई को प्रदेश सरकार की उपलब्धि बताया।

इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की यात्रा का पहला पड़ाव उत्तराखण्ड होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्योत्सव गौरव, सिद्धि और संकल्प का अवसर है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण किया और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 की तुलना में उत्तराखण्ड की जीएसडीपी में 50 प्रतिशत तथा प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की की सराहना

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए ₹3.56 लाख करोड़ के निवेश समझौतों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून सहित राज्य सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। राज्य में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

अमित शाह ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, केदारनाथ एवं हेमकुण्ड साहिब रोपवे सहित विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से उत्तराखण्ड में विकास को नई गति मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।

Aarti Rawat
Aarti Rawat