CM धामी ने लखनऊ में बढ़ाया उत्तराखंड का गौरव, UP के साथ रिश्तों को बताया खास…

CM Dhami enhanced Uttarakhand’s pride: उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को लखनऊ स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखंड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखंड महोत्सव-2026 में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के आपसी रिश्तों को बेहद खास बताते हुए कहा कि दोनों राज्यों का संबंध सहोदर भाइयों जैसा है। उन्होंने कहा कि दोनों प्रदेशों के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक जुड़ाव ही नहीं, बल्कि गहरा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक रिश्ता भी है। दोनों राज्यों की तरक्की एक-दूसरे से जुड़ी हुई है।

CM धामी ने उत्तर प्रदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध लोक संस्कृति, रीति-रिवाजों और विशिष्ट जीवनशैली में बसती है। राज्य सरकार पिछले तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित कर रही है, ताकि देश-विदेश में रह रहे प्रवासियों के अनुभव, कौशल, ज्ञान और निवेश का लाभ प्रदेश के विकास में लिया जा सके। उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों के विकास में योगदान देने का भी आह्वान किया।

CM धामी ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उत्तराखंड में केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान और दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जबकि हेमकुंड साहिब में करीब 3.90 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

CM धामी ने राज्य में पर्यटन, धार्मिक यात्रा, इको टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म और होमस्टे को बढ़ावा देने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार उत्तराखंड की पहचान और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी मौजूद रहे।

पढ़े –https://theindiainsights.com/mock-drills-will-be-held-simultaneously-in-13-districts-of-uttarakhand-on-november-28/

Aarti Rawat
Aarti Rawat