अब सरकारी स्कूलों में 10 विषय पढ़ने होंगे अनिवार्य, छात्र हर श्रेणी में बनेंगे सक्षम…

Class 10 Subject Addition: राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत अब प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 10वीं कक्षा में छात्रों के लिए 10 विषय अनिवार्य किए जाएंगे।

10वीं में 10 विषय अनिवार्य

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत प्रदेश के सरकारी स्कूलों की शिक्षा प्रणाली को बेहतर और आधुनिक बनाने के लिए बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। इसके अनुसार, 10वीं कक्षा के छात्रों को 10 विषय पढ़ना अनिवार्य होगा। पहले सिर्फ 5 विषय जरूरी थे, लेकिन नई नीति के तहत छात्रों को अधिक बेहतर और विस्तृत शिक्षा देने के लिए यह बदलाव किया गया है।

जानिए कौन से विषयों को जोड़ा जाएगा

9वीं और 10वीं कक्षा के लिए स्कूलों में इन 10 विषयों में तीन भाषाएं अनिवार्य रूप से पढ़ाई जाएंगी, जिनमें से दो भारतीय भाषाएं होंगी। इसके अलावा गणित एवं कंप्यूटेशनल चिंतन, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, कला शिक्षा, शारीरिक शिक्षा और स्वास्थ्य, व्यावसायिक शिक्षा, और अंत विषय क्षेत्र (इंटरडिसिप्लिनरी विषय) शामिल होंगे। इसका उद्देश्य छात्रों को विभिन्न विषयों में समान रूप से सक्षम बनाना है, ताकि वे हर क्षेत्र में बेहतर कर सकें।

पढ़ने का निर्धारित समय

NEP के तहत, हर विषय के लिए पढ़ाई का समय भी निर्धारित किया गया है। जैसे, तीन भाषाओं के लिए सालभर में 70 घंटे और गणित तथा विज्ञान के लिए 135 घंटे तय किए गए हैं।

राज्य पाठ्यचर्या की यह रूपरेखा (एससीएफ) एससीईआरटी द्वारा तैयार की गई है और इसे विभिन्न समितियों के माध्यम से समीक्षा के बाद सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, इसमें वे सभी बिंदु शामिल हैं, जो NEP के दिशानिर्देशों में सुझाए गए हैं।

Srishti
Srishti