Doon University में दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 का आयोजन, कार्यक्रम में सीएम धामी हुए शामिल, की बड़ी घोषणा…

Doon University organized Convocation Session : दून विश्वविद्यालय में बीते गुरूवार यानी 13 अगस्त को दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। इस अवसर पर सीएम धामी ने नए छात्रों का स्वागत किया और विश्वविद्यालय परिसर में कई नई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।

कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि दून विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा विभागों को और बेहतर किया जाएगा। जिससे वे राज्य के अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करने और राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध हो सके।

Doon University में कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 FM का शुभारंभ

विदेशी भाषाओं स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चाईनीज एवं जापानी भाषा विभागों के लिये जरूरी पदों का भी सृजन किया जायेगा। सीएम ने कहा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति होती है। जिस देश का युवा सपने देखने का साहस, उन्हें पूरा करने का संकल्प और कठिन परिश्रम करने की क्षमता रखता है, उस देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। भारत की विशाल युवा आबादी विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया जैसी महत्वपूर्ण पहलें संचालित की जा रही हैं।

वहीं सीएम धामी ने दून विश्वविद्यालय में 11 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बना Biological Science Laboratory भवन एवं 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से निर्मित केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। जिसको बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से जाना जायेगा।

सीएम धामी ने कार्यक्रम के दौरान दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 FM का शुभारंभ किया। साथ ही इस स्टेशन के लिए कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के 2 पद पर नियुक्ति की जायेंगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये संस्थागत सुविधाएं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को नई गति देने के साथ ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा आज का युग नवाचार का है। राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों में एआई, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।

Srishti
Srishti