राजस्थान में संदिग्ध हालत में मृत मिला देहरादून का परिवार, जांच में जुटी पुलिस…

Family Found Dead: देहरादून के एक ही परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमयी मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी, बेटा और बेटी शामिल हैं।

परिवार की रहस्यमयी मौत

देहरादून का एक परिवार 12 जनवरी को राजस्थान के धर्मशाला में संदिग्ध हालात में मृत पाया गया। बताया जा रहा रहा है कि परिवार के चारों सदस्य राजस्थान के मेंहदीपुर बालाजी दर्शन के लिए गये थे। धर्मशाला में सफाईकर्मी द्वारा सफाई के दौरान परिवार जनों के शव बरामद हुए। जानकारी के अनुसार कमरे में दो लोगों को बिस्तर पर और दो को जमीन पर अचेत अवस्था में पाया गया। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

जांच में आत्महत्या का शक

पुलिस के अनुसार यह मामला सामूहिक आत्महत्या का हो सकता है। हालांकि, शवों की स्थिति और कुछ के मुंह से झाग निकलने के कारण जहरखुरानी गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है। लेकिन कमरे में किसी संघर्ष या जबरन घुसपैठ के निशान नहीं मिले हैं।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान सुरेंद्र कुमार उपाध्याय (52), उनकी पत्नी कमलेश (48), बेटी नीलम उपाध्याय और बेटा नितिन उपाध्याय के रूप में हुई है। परिवार देहरादून के रायपुर इलाके का रहने वाला था। बताया जा रहा है सुरेंद्र सरकारी अधिकारी का ड्राइवर था, नितिन ऑर्डिनेंस फैक्टरी में काम करता था।

पुलिस की जांच जारी

घटना के बाद राजस्थान पुलिस ने देहरादून पुलिस को सूचित किया। देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने घटना की पुष्टि की और कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। बताया गया कि परिवार चार दिन पहले देहरादून से बालाजी धाम के लिए निकला था। लेकिन अब तक मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Aarti Rawat
Aarti Rawat