Pauri Garhwal : डुंगरी तल्ली गांव में भारी बारिश ने मचाई तबाही, लिफ्ट लेकर प्रभावितों के बीच पहुंचे धन सिंह रावत…

Heavy rains wreak havoc in Pauri Garhwal : उत्तराखंड में कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते पौड़ी जिले के कई गांव आपदा में अपना स्वरूप तक बदल चुके हैं। लगातार मूसलाधार बारिश के कारण पौड़ी जिले के राठ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डुंगरी तल्ली गांव में भारी प्राकृतिक आपदा आई है। गांव में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और मुख्य सड़कों व संपर्क मार्गों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं पिछले कुछ दिनों से जारी अत्यधिक बारिश की वजह से आसपास के गाडौली गांव में भी कई कच्चे मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं और कुछ घर ढहने की कगार पर हैं। रास्ते और संपर्क मार्ग पूरी तरह टूट चुके हैं।

आपदा प्रभावित डुंगरी तल्ली पहुंचे मंत्री धन सिंह

क्षेत्र में आपदा की सूचना मिलते ही उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री और श्रीनगर विधानसभा सीट से विधायक डॉ धन सिंह रावत क्षेत्र में आपदा प्रभावित इलाकों के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। वहीं सड़कें और रास्ते पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण धन सिंह रावत कहीं कार से लिफ्ट लेकर तो कहीं कई किलोमीटर पैदल चलकर आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचे। उन्होंने गांव के 23 प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और नुकसान का जायजा लिया। मंत्री धन सिंह ने कहा कि सरकार आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में कोई कमी नहीं होगी।

मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राठ क्षेत्र के दो दिवसीय भ्रमण के दौरान अपने निर्धारित कार्यक्रमों को स्थगित कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण विभिन्न गांवों में हुए नुकसान की जानकारी मिलने पर उन्होंने रविवार को पैठाणी (Pauri Garhwal) में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के बाद चाकीसैंण तहसील के डुंगरी तल्ली गांव का रुख किया। यहां उन्होंने आपदा से प्रभावित 23 परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और नुकसान का जायजा लिया।

उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर आपदा से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने सड़क एवं संपर्क मार्गों के क्षतिग्रस्त होने सहित अन्य समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। धन सिंह रावत ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आपदा से क्षतिग्रस्त रास्तों एवं संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा। साथ ही, प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पढें – केदारनाथ पैदल मार्ग पर दर्दनाक हादसा, मलबा-पत्थर की चपेट में आने से 5 साल के बच्चे की मौत…

Srishti
Srishti