उत्तराखंड के गांवों तक सड़क पहुंचाने की तैयारी, 528 नई सड़कों के निर्माण के लिए केंद्र को भेजा प्रस्ताव…

Proposal sent to Central Govt. for 528 new roads : उत्तराखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को एक बड़ा प्रस्ताव भेजा है। बता दे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के चौथे चरण के तहत 528 नई सड़कों के निर्माण की तैयारी है। मंजूरी मिलने पर करीब 2,850 किलोमीटर सड़कें बनेंगी और 19 पुल भी तैयार किए जाएंगे। जिसकी प्रस्तावित लागत लगभग 3,704 करोड़ रुपये है। योजना को मंजूरी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़कों के निर्माण का रास्ता खुल सकता है।

प्रस्तावित 528 नई सड़कों को जल्द मिलेगी मंजूरी

बता दे वर्तमान में पहले से स्वीकृत सड़कों पर भी राज्य में काम तेजी से चल रहा है, जिनमें से 184 सड़कों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और करीब 120 पर काम शुरू हो चुका है। इन पुरानी और प्रस्तावित 528 नई सड़कों को मिलाकर उत्तराखंड में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के सड़क निर्माण कार्यों का एक विशाल इंफ्रास्ट्रक्चर खाका तैयार किया गया है। इस कनेक्टिविटी विस्तार का मुख्य लक्ष्य पहाड़ी व दुर्गम बसावटों में रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की परिवहन समस्याओं को खत्म करना और पलायन को रोकना है।

राज्य के ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी के मुताबिक, सरकार को उम्मीद है कि 528 नई सड़कों के प्रस्ताव को अक्टूबर के अंत तक या नवंबर के पहले सप्ताह में मंजूरी मिल सकती है। इसके बाद अगले एक से दो महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकेगा। ऐसे में आने वाले कुछ महीने इस परियोजना के लिए अहम होंगे।

केंद्र से मंजूरी मिलने, विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने और टेंडर जारी होने के बाद यह साफ होगा कि किन सड़कों पर पहले काम शुरू किया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि मंजूरी मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो और ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी से जुड़े कामों को गति दी जा सके।

पढे़ – जंतर-मंतर पर CJP के ‘प्रोटेस्ट 2.0’ में पुलिस से भारी झड़प, ध्रुव राठी समेत कई नेता गिरफ्तार…

Aarti Rawat
Aarti Rawat