Yellow alert Issues In Uttarakhand: उत्तराखंड में लगातार शुष्क मौसम के बाद अब मौसम विभाग ने बदलाव के संकेत दिए हैं। प्रदेश में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार आज कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जिसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिससे अगले कुछ दिन मौसम में बदलाव बना रहेगा और तापमान में गिरावट आ सकती है।
आपको बता दें, 8 अप्रैल को देहरादून और अन्य मैदानी इलाकों में दिन में तेज धूप खिली रही और तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री ज्यादा है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बादल और बूंदाबांदी
तो वहीं, उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में घने बादलों ने डेरा जमा लिया है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। हवा में नमी बढ़ने से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि देखी गई है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में आज हल्की बारिश हो सकती है। वहीं अन्य क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा।
आज का तापमान
आज देहरादून में दिन का सबसे ज्यादा तापमान 35.2°C और रात का सबसे कम तापमान 19.2°C , ऊधमसिंह नगर में दिन का तापमान 35.4°C और रात का 18.6°C रहने का अनुमान है। तो वहीं पहाड़ी इलाकों में ठंडक ज्यादा रहेगी जैसे मुक्तेश्वर में दिन का तापमान 21.2° और रात का 12.5 °C , जबकि नई टिहरी में दिन का तापमान 25.0° और रात का 14.6°C रहने का अनुमान है।