ECI ने देहरादून में की दो दिवसीय समीक्षा बैठक, चुनावी तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश…

ECI holds two-day review meeting in Dehradun : उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने 12 और 13 अक्टूबर 2026 को प्रदेश की राजधानी देहरादून में दो दिवसीय बड़ी समीक्षा बैठक की।इस महत्वपूर्ण बैठक में वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) सीमा खन्ना और उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के पहले दिन यानी 12 अक्टूबर को सभी जिलाधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला EVM नोडल अधिकारियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की प्रथम स्तरीय जांच (EVM-FLC) पर एक कार्यशाला आयोजित की गई।

इस दौरान आयोग की ओर से EVM और वीवीपैट की जांच, भंडारण, आवश्यक मशीनों की उपलब्धता और चुनाव से पूर्व की तकनीकी तैयारियों संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारियों ने अपने-अपने जिले की मतदाता सूची, बूथ प्रबंधन, प्रशिक्षण, वाहन व्यवस्था, संवेदनशील बूथों की पहचान और चुनाव सामग्री की आवाजाही से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी।

आयोग ने अब तक की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया और सभी अधिकारियों को निर्धारित इलेक्शन प्लानर के अनुसार समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए। जिलों के पुलिस अधिकारियों ने राज्य में सुरक्षा बलों की तैनाती (Force Deployment Plan), अपराध नियंत्रण और चुनावी अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक के दूसरे दिन अर्धसैनिक बल, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और कस्टम समेत 21 केंद्रीय एवं राज्य प्रवर्तन एजेंसियों ने अपनी रिपोर्ट पेश की। सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट के संचालन और वहां से नकदी, शराब, नशीले पदार्थ, हथियार, सोना-चांदी या अन्य प्रलोभन सामग्रियों की तस्करी रोकने की योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।

देहरादून के एक निजी होटल में 12 और 13 अक्टूबर को हुई इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारी, केंद्र व राज्य सरकार की प्रवर्तन एजेंसियों ने चुनाव तैयारियों, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित रणनीतियों पर चर्चा किया गया। बैठक के दौरान सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित इलेक्शन प्लानर के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए गए।

पढे़ – उत्तराखंड के गांवों तक सड़क पहुंचाने की तैयारी, 528 नई सड़कों के निर्माण के लिए केंद्र को भेजा प्रस्ताव…

Aarti Rawat
Aarti Rawat