Dehradun : बेरोजगार युवाओं ने किया सचिवालय कूच, विभिन्न विभागों में भर्तियां निकालने की मांग…

Youth marched to the Secretariat in Dehradun : उत्तराखंड बेरोजगार संघ के नेतृत्व में प्रदेशभर से आए सैकड़ों युवाओं ने अपनी 16 व 17 सूत्रीय मांगों को लेकर बीते शुक्रवार को (Dehradun) सचिवालय कूच किया। सरकारी नौकरियों की रुकी हुई भर्तियों को शुरू करने, विभिन्न विभागों में खाली पदों पर तत्काल नई विज्ञप्तियां जारी करने और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं व पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर युवाओं ने यह हल्ला-बोल प्रदर्शन किया है।

राज्य के अलग-अलग कोनों से आए बेरोजगार युवा राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए सचिवालय की तरफ बढ़े। युवाओं के हाथों में “चयनित होकर बेरोजगार, जल्द नियुक्ति दो सरकार” जैसे नारे लिखे हुए बैनर थे। सचिवालय की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा बलों ने सुभाष रोड पर ही भारी बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान आक्रोशित युवाओं और पुलिस प्रशासन के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई और कुछ युवा बैरिकेडिंग पर भी चढ़ गए।

आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद बेरोजगार संघ के कार्यकर्ता और युवा वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए। करीब 5 घंटे तक चले इस हंगामे और धरने के बाद, कार्मिक सचिव की ओर से मिले लिखित आश्वासन के बाद युवाओं ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित किया है।

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने लगाए यह आरोप

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल का आरोप है कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में लगभग 60 हजार पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार इन पर विज्ञप्तियां जारी नहीं कर रही है। जो भर्तियां हो चुकी हैं या जिनके परिणाम रुके हुए हैं, उन्हें जल्द से जल्द जारी कर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राज्यों से यहां आकर लोग फर्जी डिग्रियां बना रहे हैं। उनका सिलेक्शन यहां हो रहा है, लेकिन यहां का युवा सड़कों पर उतरकर संघर्ष कर रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते डाकिया का परिणाम आया, लेकिन इन भर्तियों में अन्य राज्य के निवासियों का सिलेक्शन हुआ है। अगर यह भर्तियां केंद्र करवाता है, तो फिर उत्तराखंड में सबसे ज्यादा सिलेक्शन अन्य राज्य के लोगों के क्यों हो रहे हैं? यह अपने आप में बड़ा प्रश्न है।

पढ़े – PM मोदी ने गुजरात को दी विकास की रफ्तार, ₹14 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की शुरुआत…

Aarti Rawat
Aarti Rawat