15 अगस्त से पहले चंडीगढ़ में बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तानी हथियारों के साथ 3 आरोपी पकड़े गए l

Before August 15, 3 accused arrested with Pakistani weapons: 15 अगस्त से पहले चंडीगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 3 संदिग्धों को पकड़ा और उनके कब्जे से पाकिस्तान से आए बताए जा रहे हथियार बरामद किए।

15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस से पहले चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इनके पास से पाकिस्तान से आए बताए जा रहे हथियार बरामद हुए हैं। बरामदगी में एक जिगाना पिस्टल, दो पीएफ-3 पिस्टल, दो मैगजीन और 19 कारतूस शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं और गैंगस्टर दीपक नंदल गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं। आरोप है कि उन्हें गुरुग्राम में एक व्यक्ति से रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग की वारदात को अंजाम देने का काम सौंपा गया था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर संभावित वारदात को टाल दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की उम्र करीब 18 से 19 साल है। पुलिस का कहना है कि गिरोह ने उन्हें पैसों का लालच देकर अपने साथ जोड़ा था। आरोपियों से पूछताछ में गुरुग्राम में एक संभावित ठिकाने की रेकी किए जाने की बात भी सामने आई है।

ड्रोन के जरिए हथियार पहुंचाने का दावा

पुलिस जांच में सीमा पार से हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का भी पता चलने का दावा किया गया है। पुलिस के मुताबिक, अमृतसर का रहने वाला एक व्यक्ति पाकिस्तान में मौजूद हथियार सप्लायर के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियारों को आगे पहुंचाता था।

फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियार सप्लायरों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी पुरानी वारदात में तो नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें…https://theindiainsights.com/the-governor-launch-ai-for-all-initiative/

Srishti
Srishti